योग दिवस ही नहीं, सर्रा आयुष अस्पताल में रोज लगती है योग की क्लास

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जहां पूरे विश्व में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं दमोह जिले की तेंदूखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम सर्रा के आयुष अस्पताल में भी उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया गया। खास बात यह रही कि यहां योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि प्रतिदिन की दिनचर्या का हिस्सा है।

आयुष अस्पताल के कम्पाउंडर हेमंत असराठी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित आयुष अस्पताल में प्रतिदिन सुबह 7 बजे से नियमित योग कक्षा आयोजित की जाती है। इसके लिए एक प्रशिक्षित योग शिक्षक अस्पताल पहुंचकर लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण देता है।

जंगल क्षेत्र से जुड़े ग्राम सर्रा में भी लोगों में योग के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी बढ़-चढ़कर योग कक्षा में हिस्सा लेते हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लगभग 20 से 25 लोगों ने भाग लिया, जिसमें ग्राम सरपंच दिनेश खरे भी शामिल रहे।

हेमंत असराठी ने बताया कि आयुर्वेद में योग को भी एक प्रकार की औषधि माना गया है, जो अनेक असाध्य रोगों के उपचार और स्वस्थ जीवनशैली के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने कहा कि “आज विश्व योग दिवस है, लेकिन हमारे अस्पताल में तो प्रतिदिन ही योग दिवस मनाया जाता है।”

ग्रामीण क्षेत्र में नियमित योगाभ्यास की यह पहल लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वस्थ जीवन की दिशा में प्रेरित कर रही है।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों