पीएम आवास योजना के हितग्राही परेशान, तीन किस्तों के बाद चौथी का इंतजार

2019 में स्वीकृत हुए थे आवास, वर्षों बाद भी अधूरे; हितग्राहियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
तेंदूखेड़ा (दमोह)। गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों की अंतिम किस्त अटकने से तेंदूखेड़ा नगर परिषद क्षेत्र के कई हितग्राही परेशान हैं। तीन किस्तें मिलने के बाद चौथी किस्त का इंतजार कर रहे हितग्राही पिछले लंबे समय से नगर परिषद कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। परेशान होकर उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तेंदूखेड़ा को आवेदन देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
मामला नगर के वार्ड क्रमांक 9 का है। यहां भगवानदास पिता धनीराम रजक और परषोत्तम पिता गया प्रसाद साहू सहित अन्य हितग्राहियों ने बताया कि वर्ष 2019 में उनके नाम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुए थे। योजना के तहत मकान निर्माण के लिए उन्हें तीन किस्तें प्राप्त हुईं, जिससे उन्होंने उपलब्ध राशि के अनुसार मकान का निर्माण कराया।

चौथी किस्त के इंतजार में अधूरे पड़े मकान
हितग्राहियों के अनुसार, आवास निर्माण पूरा करने के लिए मिलने वाली चौथी और अंतिम किस्त अब तक उनके बैंक खातों में नहीं पहुंची है। उनका कहना है कि अंतिम किस्त के लिए वे कई बार नगर परिषद कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें आश्वासन ही मिलता है। लंबे समय से राशि नहीं मिलने के कारण मकान अधूरे पड़े हैं और परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एसडीएम से लगाई गुहार
लगातार कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर हितग्राहियों ने एसडीएम तेंदूखेड़ा को लिखित आवेदन सौंपा है। उन्होंने मामले की जांच कराने, किस स्तर पर भुगतान अटका है इसकी जानकारी उपलब्ध कराने तथा पात्रता के अनुसार लंबित चौथी किस्त जल्द जारी करवाने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और वर्षों से अंतिम किस्त का इंतजार कर रहे हितग्राहियों को कब राहत मिलती है।
