मां गुरुवर जी के जयकारों के साथ संपन्न हुई मासिक महाआरती, सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल

तेंदूखेड़ा। श्री पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्धाश्रम के तत्वावधान में प्रत्येक माह की तरह इस माह भी तीसरे रविवार को मासिक महाआरती का आयोजन भव्यता के साथ किया गया। कृषि उपज मंडी तेंदूखेड़ा में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

महाआरती के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने मां ऊँ के मंत्रों का उच्चारण करते हुए मां एवं गुरुवर जी की आरती की। कार्यक्रम के समापन पर तीन बार शंखध्वनि की गई तथा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा श्रद्धालुओं को गुरुवर श्री की विचारधारा एवं आध्यात्मिक संदेशों से अवगत कराया गया।
वक्ताओं ने बताया कि पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्धाश्रम धाम की मूल ध्वजा से जुड़ी इस महाआरती का विशेष आध्यात्मिक लाभ प्राप्त होता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने परिवार सहित इसमें शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरुवर श्री द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर ही व्यक्ति उनके आशीर्वाद का पात्र बन सकता है।

कार्यक्रम के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी गुरुवर श्री की शिक्षाओं एवं मानव कल्याण के संदेशों को उपस्थित जनसमूह तक पहुंचाया। आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में भगवती मानव कल्याण संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सिंह ठाकुर ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही श्रद्धालुओं को निःशुल्क शक्तिजल एवं प्रसाद का वितरण भी किया गया।
धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुई इस मासिक महाआरती में श्रद्धालुओं ने मां गुरुवर जी के जयकारों के साथ भक्ति एवं श्रद्धा का भाव प्रकट किया।
