रबी सीजन के लिए ई-विकास पोर्टल से अग्रिम खाद उठाव की सुविधा शुरू जिले में 16 हजार मीट्रिक टन खाद का भंडारण, समितियों एवं डबल लॉक केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता

0
Spread the love

दमोह : 03 सितम्बर 2026

            कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि शासन द्वारा किसान भाइयों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए रबी सीजन के लिए अग्रिम खाद उठाव हेतु ई-विकास पोर्टल खोल दिया गया है। किसान पोर्टल के माध्यम से टोकन बुक कर रबी सीजन के लिए अग्रिम खाद का उठाव कर सकते हैं।

            उन्होंने कहा जिला प्रशासन द्वारा DAP का एक और रैक मंगाया गया है, जिसके बाद जिले की सभी समितियों एवं डबल लॉक केंद्रों पर DAP, यूरिया, NPK सहित विभिन्न प्रकार के उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। वर्तमान में जिले में लगभग 16,000 मीट्रिक टन खाद का भंडारण उपलब्ध है।

            कलेक्टर श्री यादव ने किसान भाइयों से अपील की कि वे ई-विकास पोर्टल के माध्यम से टोकन बुक कर रबी सीजन के लिए अग्रिम खाद का उठाव कर लें, ताकि बोनी के समय खाद की आवश्यकता को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो।

            उन्होंने कहा समिति के नियमित सदस्य किसान 0 प्रतिशत ब्याज पर ऋण योजना का लाभ लेते हुए खाद का उठाव कर सकते हैं। जो किसान समिति के सदस्य नहीं हैं, वे सदस्य बनकर इस योजना का लाभ ले सकते हैं। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा ऋण अदायगी की समय-सीमा 6 माह से बढ़ाकर एक वर्ष कर दी गई है। इससे किसानों को ऋण चुकाने में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

            श्री यादव ने कहा किसान भाई नकद भुगतान पर खाद लेना चाहते हैं, वे जिले के डबल लॉक केंद्रों से खाद प्राप्त कर सकते हैं, उन्होंने सभी किसान भाइयों से पुनः आग्रह किया कि रबी सीजन के लिए अग्रिम खाद का उठाव कर निर्धारित समय पर बोनी का कार्य पूर्ण करें, ताकि सीजन के दौरान बढ़ने वाली व्यस्तता एवं संभावित परेशानियों से बचा जा सके। उन्होंने कहा कृषि को लाभ का धंधा बनाकर किसान अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करें और राष्ट्र के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों

error: Content is protected !!