खराब मीटर और गलत बिजली बिल को लेकर SDM जनसुनवाई में शिकायत

25 दिन से मीटर बदलने का इंतजार, दो माह के बिल सुधार और बंद की गई 181 शिकायत की जांच की मांग
तेन्दूखेड़ा। खराब बिजली मीटर नहीं बदले जाने और पिछले दो माह से अधिक राशि के बिजली बिल भेजे जाने की शिकायत लेकर तहसील तेंदूखेड़ा निवासी सुदामा साहू ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया है। शिकायतकर्ता ने मामले को जनसुनवाई में रखते हुए विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
शिकायत में सुदामा साहू ने बताया कि उनके परिसर में विद्युत वितरण कंपनी का घरेलू कनेक्शन है, जिसका IVRS क्रमांक 1173015668 है। उनका कहना है कि बिजली मीटर खराब होने के कारण उन्होंने करीब 25 दिन पहले विद्युत केंद्र में लिखित आवेदन देकर मीटर बदलने का अनुरोध किया था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी मीटर नहीं बदला गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार मीटर खराब होने के बावजूद पिछले दो माह से सामान्य खपत की तुलना में अत्यधिक राशि के बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। इससे उपभोक्ता के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है। उन्होंने वास्तविक खपत के आधार पर बिलों की जांच एवं संशोधन की मांग की है।
सुदामा साहू ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर समस्या का निराकरण नहीं होने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन करीब एक माह बाद बिना उचित जांच और शिकायतकर्ता से संपर्क किए शिकायत को बंद कर दिया गया।
शिकायतकर्ता ने SDM से मांग की है कि पिछले दो माह के बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक खपत के अनुसार बिल संशोधित कराया जाए। साथ ही खराब मीटर तत्काल बदलवाया जाए और 181 की शिकायत बिना उचित निराकरण के बंद किए जाने के मामले में जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
शिकायत के साथ पिछले दो माह के बिजली बिल, पूर्व में दिए गए आवेदन की पावती, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायत का विवरण तथा पहचान पत्र की प्रति संलग्न किए जाने की बात कही गई है।
अब देखना होगा कि जनसुनवाई में प्राप्त इस शिकायत पर प्रशासन और विद्युत विभाग द्वारा क्या कार्रवाई की जाती है।
