Blog

Spread the love

दमोह। जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत इमलिया चौकी के ग्राम सुहेला पौड़ी में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तेजगढ़ थाना प्रभारी अरविंद सिंह ठाकुर एवं इमलिया चौकी प्रभारी अक्षयेंद्रनाथ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव सुहेला पौड़ी में अवैध रूप से उगाई जा रही अफीम की फसल को जब्त किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ लोग चोरी-छिपे अफीम की खेती कर रहे हैं, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

जांच के दौरान खेत में अफीम के पौधे पाए गए, जिनमें फल और फूल भी लगे हुए थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खेती करने वाले आरोपियों को हिरासत में लिया और अवैध फसल को जब्त कर लिया।

तेजगढ़ थाना पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में तेजगढ़ थाना एवं इमलिया चौकी पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

About The Author