सागर-जबलपुर स्टेट हाईवे पर अधूरे साइड सोल्डर बन रहे हादसों का कारण, बम्होरी में वाहन चालक हो रहे घायल

0
Spread the love

मोड़ पर खुदाई के बाद नहीं बनाया साइड सोल्डर, स्कूल के गेट के पास भी खतरनाक गैप; आईटीआई के सामने बिखरी गिट्टी से दुर्घटनाओं का खतरा

तेंदूखेड़ा। सागर-जबलपुर स्टेट हाईवे पर मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) द्वारा विभिन्न स्थानों पर बनाए जा रहे साइड सोल्डर का काम अधूरा छोड़ने और निर्माण में लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। तेंदूखेड़ा से करीब दो किलोमीटर दूर ग्राम बम्होरी में सागर रोड पर मोड़ के पास साइड सोल्डर के लिए खुदाई करने के बाद निर्माण नहीं किया गया है। इससे यहां से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान पर कई वाहन चालक गिरकर घायल हो चुके हैं।

जानकारी के अनुसार, हाईवे पर सड़क के दोनों ओर करीब तीन-तीन फीट चौड़े और लगभग एक फीट गहरे हिस्से की खुदाई कर सीमेंट-गिट्टी के मिश्रण से साइड सोल्डर तैयार किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य सड़क के किनारों को मजबूत करना, उपयोगी चौड़ाई बढ़ाना और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। लेकिन बम्होरी में मोड़ पर लगभग 10 मीटर हिस्से में खुदाई के बाद काम अधूरा पड़ा है। मोड़ होने के कारण रात में यह खुदा हुआ हिस्सा आसानी से दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां दिन के समय भी वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं।

स्कूल के गेट के पास भी खतरा

ग्राम बम्होरी में एकीकृत माध्यमिक शाला के मुख्य गेट के पास भी साइड सोल्डर को गेट के स्लोप से ठीक ढंग से नहीं जोड़ा गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, साइड सोल्डर और स्लोप के बीच करीब डेढ़ फीट का अंतर रह गया है। दोनों हिस्से सीमेंट-कंक्रीट से बने होने के कारण उनके बीच का गैप बच्चों के लिए परेशानी और चोट का कारण बन रहा है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों के गिरने और पैरों में चोट लगने की बात भी सामने आई है।

आईटीआई के सामने बिखरी गिट्टी से खतरा

बम्होरी से सागर की ओर आगे बढ़ने पर आईटीआई के सामने साइड सोल्डर का निर्माण तो किया गया है, लेकिन वहां गिट्टी बिखरी पड़ी है। तेज गति से निकलने वाले बड़े वाहनों के पहियों से गिट्टी उछलकर सड़क पर चलने वाले पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों को लग सकती है। इससे दुर्घटनाओं और चोट लगने का खतरा बना हुआ है।

सरपंच प्रतिनिधि ने जताई चिंता

ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि संतोष यादव ने बताया कि मोड़ के पास खुदाई के बाद अधूरा छोड़ा गया हिस्सा घातक साबित हो रहा है। यहां केवल रात में ही नहीं, बल्कि दिन में भी लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। स्कूल के गेट के पास भी साइड सोल्डर और स्लोप के बीच गैप होने से बच्चों को परेशानी हो रही है। उन्होंने संबंधित विभाग से अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की है।

दशहरा-दिवाली से पहले काम पूरा करने की मांग

स्थानीय लोगों ने एमपीआरडीसी से मांग की है कि हाईवे पर जहां-जहां साइड सोल्डर का काम अधूरा है, उसे जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही सड़क पर बिखरी गिट्टी हटाई जाए और खतरनाक स्थानों पर तत्काल सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं। लोगों का कहना है कि दशहरा और दीपावली के दौरान आवागमन बढ़ने की संभावना है। ऐसे में समय रहते सुधार नहीं किया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

अधिकारी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

इस संबंध में एमपीआरडीसी के अधिकारी मुकुल चौरसिया ने बताया कि संबंधित लोगों को तत्काल काम पूरा करने के लिए कहा जा रहा है। फिलहाल खाली जगह पर बैरिकेडिंग भी लगवाई जा रही है, ताकि वाहन चालकों को खतरे से बचाया जा सके।

अब देखना होगा कि विभाग अधूरे साइड सोल्डर का निर्माण कब तक पूरा कराता है और स्कूल सहित दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम कब तक किए जाते हैं।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

error: Content is protected !!