झापन रेंज में 52 नग अवैध सागौन की लकड़ी जब्त, संबंधित व्यक्ति की तलाश शुरू

मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की संयुक्त टीम ने सुहेला गांव में की कार्रवाई, मकान के आसपास मिली इमारती लकड़ी
तेंदूखेड़ा। वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के झापन रेंज अंतर्गत ग्राम सुहेला में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए सागौन की 52 नग लकड़ी जब्त की है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर झापन और मोहली रेंज के वन अमले ने पुलिस के सहयोग से सर्च वारंट के तहत तलाशी अभियान चलाया। लकड़ी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, झापन रेंज में पदस्थ वनक्षेत्रपाल मनीषा मुकाती को सूचना मिली थी कि सुहेला गांव में एक मकान के अंदर और आसपास बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ी रखी हुई है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए संयुक्त टीम गठित की गई। वन विभाग की टीम ने पुलिस चौकी इमलिया के स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
बताया गया कि संबंधित मकान पर ताला लगा हुआ था। इसके बाद सरपंच एवं अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में मकान के आसपास तलाशी ली गई, जहां से सागौन की 52 नग लकड़ी बरामद हुई। वन विभाग ने लकड़ी जब्त कर वन अपराध प्रकरण (पीओआर) क्रमांक 480/17 दर्ज किया है।
झापन रेंजर नीतेश डहरिया के अनुसार, यह कार्रवाई गेम परिक्षेत्र झापन की बीट सोमखेड़ा से लगे सुहेला गांव में भीकम सिंह पिता करण सिंह लोधी के निवास के आसपास की गई। कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं था। वन विभाग अब लकड़ी के स्रोत, उसे वहां रखने के उद्देश्य और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रहा है।
वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व बेशकीमती वन संपदा और विभिन्न वन्यजीवों के संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। ऐसे में सागौन जैसी कीमती लकड़ी की बरामदगी के बाद वन विभाग की जांच पर नजर बनी हुई है। अब जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
