तेंदूखेड़ा में पेयजल पाइपलाइन की बदहाली, जगह-जगह लीकेज से बह रहा पानी

0
Spread the love

आरुष स्कूल से चोरई मार्ग के बीच 100 से 150 मीटर में 3-4 स्थानों पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त

अभिषेक ठाकुर

तेंदूखेड़ा। नगर की पेयजल व्यवस्था को लेकर एक गंभीर तस्वीर सामने आई है। आरुष स्कूल से चोरई के बीच करीब 100 से 150 मीटर के दायरे में 3 से 4 स्थानों पर पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से लगातार पानी बह रहा है। इससे बड़ी मात्रा में पेयजल की बर्बादी हो रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय जलापूर्ति बंद रहने के बाद सुबह जब पाइपलाइन में पानी का दबाव बढ़ता है, तो क्षतिग्रस्त स्थानों से तेज बहाव के साथ पानी बाहर निकलने लगता है। मौके पर पानी के साथ आसपास झाड़ियां और कचरा भी दिखाई दे रहा है।

एक तरफ पानी की बर्बादी, दूसरी तरफ पर्याप्त आपूर्ति का इंतजार

नगर में एक ओर पाइपलाइन लीकेज के कारण पेयजल सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है, वहीं दूसरी ओर कई स्थानों पर लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिलने और नलों में पानी नहीं आने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में पेयजल व्यवस्था के रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

कब होगी क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत?

नगर परिषद तेंदूखेड़ा के जल प्रदाय एवं वितरण विभाग की जिम्मेदारी है कि पेयजल पाइपलाइन में होने वाले लीकेज और क्षति की समय पर मरम्मत कराकर जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु रखा जाए। लेकिन एक ही मार्ग पर कई स्थानों पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पानी की बर्बादी जारी है।

पानी की हर बूंद कीमती है। ऐसे में जरूरी है कि संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराए, ताकि पेयजल की बर्बादी रोकी जा सके और नगरवासियों को नियमित एवं पर्याप्त जलापूर्ति मिल सके।

अब देखना होगा कि नगर परिषद तेंदूखेड़ा का जल प्रदाय एवं वितरण विभाग इस समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कब तक कराई जाती है।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

error: Content is protected !!