प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने पर एसडीएम से शिकायत, गलत निराकरण का आरोप

0
Spread the love


तेंदूखेड़ा। वार्ड क्रमांक 12 मस्जिद के पास निवासी सतीश सेन पिता तेजी सेन ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने और सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का बिना उचित जांच के निराकरण किए जाने का आरोप लगाते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तेंदूखेड़ा को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में सतीश सेन ने बताया कि वह आर्थिक रूप से कमजोर है और बाल काटने का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करता है। पैर एवं कमर के ऑपरेशन के बाद वह वॉकर की सहायता से चलता है और वर्तमान में कच्चे मकान में निवास कर रहा है। उसके द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पूर्व में कई बार आवेदन किए गए तथा आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत किए गए हैं।
सतीश सेन के अनुसार, आवास योजना का लाभ नहीं मिलने के संबंध में उसने 18 अगस्त 2026 को सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत क्रमांक 40098951 दर्ज कराई थी। आरोप है कि शिकायत के बाद नगर परिषद से संबंधित व्यक्तियों द्वारा शिकायत बंद करने के लिए दबाव बनाया गया। शिकायत बंद नहीं करने पर नगर परिषद के आवास प्रभारी द्वारा बिना उचित जांच किए शिकायत का निराकरण दर्ज कर उसे बंद कर दिया गया।
आवेदक का आरोप है कि निराकरण में यह उल्लेख किया गया कि उसके पास स्वयं की भूमि नहीं है, जबकि उसके अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के आवेदन के साथ उसके नाम की भूमि का बैनामा भी संलग्न किया गया था। उनका कहना है कि संबंधित अधिकारी द्वारा मौके पर जांच और प्रस्तुत दस्तावेजों का उचित परीक्षण नहीं किया गया।
सतीश सेन ने एसडीएम से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, भूमि संबंधी दस्तावेजों का परीक्षण करने, गलत निराकरण दर्ज करने वाले संबंधित अधिकारी/कर्मचारी की भूमिका की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए उसकी पात्रता की पुनः जांच कराने की मांग की है।
उन्होंने यह भी मांग की है कि यदि वह योजना की पात्रता पूरी करता है तो उसे नियमानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए। साथ ही शिकायत बंद कराने के लिए बनाए गए कथित दबाव की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
आवेदक ने अपनी शिकायत के साथ भूमि बैनामा, टैक्स रसीद, सीएम हेल्पलाइन शिकायत की प्रति तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित पूर्व दस्तावेज संलग्न किए हैं।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

error: Content is protected !!