पेशाब घर की नियमित सफाई नहीं होने से यात्री प्रतीक्षालय के आसपास फैली गंदगी

0
Spread the love

दुर्गंध के कारण लोग खुले में पेशाब करने को मजबूर, दुकानदार भी परेशान; सफाई प्रभारी बोले—रोज होती है सफाई, फिर भी दिखवाता हूं

तेंदूखेड़ा। नगर तेंदूखेड़ा में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के बाजू में बने सार्वजनिक पेशाब घर की नियमित सफाई को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि पेशाब घर में अत्यधिक गंदगी और दुर्गंध के कारण लोग उसका उपयोग करने से बच रहे हैं, जिसके चलते यात्री प्रतीक्षालय और सड़क के आसपास खुले में पेशाब करने की स्थिति बन रही है।

स्थानीय निवासी शुभम सोनी, कालू अहिरवार, बबलू रैकवार, अभिषेक साहू और पुष्पराज यादव ने बताया कि यात्री प्रतीक्षालय के पास पुरुषों और महिलाओं के लिए सार्वजनिक पेशाब घर बनाया गया है, लेकिन सफाई व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण वहां काफी दुर्गंध रहती है। उनका आरोप है कि इसी वजह से नगर के लोग, दुकानदार और बाहर से आने वाले यात्री कई बार खुले में पेशाब करने लगते हैं।

यात्री प्रतीक्षालय के सामने फैल रही गंदगी

स्थानीय लोगों के अनुसार, यात्री प्रतीक्षालय के सामने सड़क किनारे खुले में पेशाब किए जाने से गंदगी फैल रही है और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को होती है, क्योंकि सार्वजनिक स्थानों पर उनके लिए खुले में जाना संभव नहीं होता। ऐसे में उन्हें मजबूरी में उसी सार्वजनिक पेशाब घर का उपयोग करना पड़ता है।

आसपास की दुकानों पर भी असर

पेशाब घर के आसपास कई दुकानें संचालित होती हैं। दुकानदारों का कहना है कि दुर्गंध और गंदगी के कारण दुकान के आसपास का वातावरण खराब रहता है। उनका आरोप है कि शाम के समय पेशाब घर से निकलने वाला गंदा पानी आसपास बहने लगता है, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानी होती है तथा व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।

सफाई प्रभारी बोले—रोज होती है सफाई

इस मामले में नगर परिषद के सफाई प्रभारी प्रदीप साहू ने बताया कि पेशाब घर की सफाई प्रतिदिन कराई जाती है। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसका उपयोग करते हैं, जिसके चलते गंदगी अधिक हो जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले को दिखवाया जाएगा।

अब सवाल यह है कि यदि सार्वजनिक पेशाब घर की नियमित सफाई हो रही है, तो उसके आसपास दुर्गंध और गंदगी की शिकायतें क्यों सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से मौके का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा यात्रियों और दुकानदारों को हो रही परेशानी का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

error: Content is protected !!