रानी दुर्गावती अभ्यारण्य क्षेत्र में बिना अनुमति फरशियां बेचने का आरोप

0
Spread the love

कोपा देवरी में प्राथमिक शाला के सामने घर में 100 से अधिक फरशियां रखने का दावा, ग्रामीणों ने जांच और कार्रवाई की मांग की

तेंदूखेड़ा। रानी दुर्गावती अभ्यारण्य क्षेत्र के ग्राम कोपा देवरी में प्राथमिक शाला के सामने सड़क किनारे एक घर में बड़ी संख्या में पत्थर की फरशियां रखकर कथित रूप से उनका खुलेआम विक्रय किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति के पास फरशियों के भंडारण और विक्रय के लिए आवश्यक वैध अनुमति नहीं है।

ग्रामीणों के अनुसार, संबंधित व्यक्ति प्रकाश जैन के घर के बाहर करीब 100 से अधिक फरशियां रखी हुई हैं। आरोप है कि इन फरशियों को आसपास के गांवों में भी ट्रकों के माध्यम से पहुंचाकर बेचा जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि बिक्री के दौरान ग्राहकों को न तो बिल दिया जाता है और न ही रॉयल्टी संबंधी कोई दस्तावेज उपलब्ध कराया जाता है।

पहले भी कार्रवाई होने का दावा

स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि संबंधित व्यक्ति के पास रखी फरशियों के संबंध में पूर्व में खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है और प्रकरण भी बनाए गए थे। इसके बावजूद दोबारा इसी प्रकार फरशियों का भंडारण और विक्रय किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।

ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई है कि फरशियां रात के समय वाहनों से लाई जाती हैं। हालांकि, इन पत्थरों का वास्तविक स्रोत क्या है और क्या उनका संबंध अभ्यारण्य क्षेत्र से है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

अभ्यारण्य के कई गांवों में बिक्री का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के अन्य गांवों में भी इसी प्रकार फरशियों की बिक्री की जा रही है। उनका कहना है कि यदि बिना अनुमति खनिज सामग्री का भंडारण और विक्रय हो रहा है तो इससे शासन को राजस्व की क्षति हो सकती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभागों से मौके पर पहुंचकर फरशियों की जांच, दस्तावेजों का सत्यापन और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

लाइसेंस को लेकर भी उठे सवाल

जानकारी के अनुसार, तेंदूखेड़ा क्षेत्र में पत्थरों के भंडारण, विक्रय एवं परिवहन के लिए खनिज विभाग से अनुमति प्राप्त होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में विभागीय रिकॉर्ड की जांच कर यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि कोपा देवरी में फरशियों का भंडारण एवं विक्रय करने वाले व्यक्ति के पास वैध अनुमति है या नहीं।

रेंजर बोले—जांच कर कार्रवाई करेंगे

रानी दुर्गावती अभ्यारण्य की सर्रा रेंज के रेंजर संजीव रंजन ने कहा कि यदि कोपा देवरी में इस प्रकार की कोई गैरकानूनी गतिविधि हो रही है तो वे मामले को दिखवाकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे। उन्होंने फिलहाल इन पत्थरों के जंगल क्षेत्र से निकाले जाने की बात से इनकार किया है।

वहीं, जिला खनिज अधिकारी राजकुमार गुप्ता ने कहा कि यदि इस प्रकार का मामला है तो वे इसकी जांच करवाएंगे।

अब देखना होगा कि संबंधित विभाग मौके पर जांच कर फरशियों के स्रोत, भंडारण की अनुमति, विक्रय संबंधी दस्तावेज और रॉयल्टी की स्थिति की जांच करता है या नहीं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

error: Content is protected !!