पत्नी और तीन मासूम बच्चों की हत्या का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

पारिवारिक विवाद और पत्नी पर संदेह के चलते कुल्हाड़ी से वार करने का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार
दमोह/मगरोन। थाना मगरोन क्षेत्र के ग्राम कबीरपुर में पत्नी और तीन बच्चों की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के करीब 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को ग्राम कबीरपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान द्वारका पिता कलू काछी (पटेल), उम्र 28 वर्ष, निवासी कबीरपुर ने अपनी पत्नी खेमा काछी और तीन बच्चों उर्मिला काछी, उमेश काछी एवं राजा काछी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी को पत्नी के अपने भाई के साथ गलत संबंध होने का संदेह था।
घटना की सूचना पर हरिगोविन्द काछी की रिपोर्ट पर थाना मगरोन में अपराध क्रमांक 171/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दमोह आनंद कलादगि (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी द्वारका काछी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी मगरोन निरीक्षक वंदना गौर, सउनि बालमुकुन्द सिंह, सउनि राधेप्रसाद राय, प्र.आर. 686 रामकुमार कुर्मी, प्र.आर. 266 पवन पटेल, प्र.आर. 99 जितेन्द्र लड़िया, आर. 124 संदीप साहू, आर. 549 धर्मेन्द्र सिंह सहित मगरोन थाना पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
