बड़े बाबा के दरबार में मनाया गया उत्तम त्याग दिवस, ज्ञानोदय पाठशाला के लिए करीब एक लाख रुपये दान

मस्तकाभिषेक, शांतिधारा व शांतिविधान के साथ हुआ धार्मिक आयोजन; आज रात “कौन बनेगा ज्ञानवीर” प्रतियोगिता, विजेता को ₹21 हजार का पुरस्कार
तेंदूखेड़ा, 23 सितंबर। श्री शांतिनाथ भगवान के पावन दरबार में चल रहे धार्मिक महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को उत्तम त्याग दिवस श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़े बाबा का विधि-विधानपूर्वक मस्तकाभिषेक, शांतिधारा एवं शांतिविधान संपन्न हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और भगवान के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शांतिधारा के महापात्र बनने का सौभाग्य अजय जैन–स्वेता जैन, अंश जैन, कमल–मुकेश जैन शिक्षक परिवार तेंदूखेड़ा, स्व. धन्नालाल सिंघई, दिलीप–पीलू सिंघई परिवार, राजेंद्र–निर्मल जैन, अजीता जैन, दिगंबर किराना सनाई परिवार तथा सुरेंद्र जैन शिक्षक, योगेश–सोमेश जैन परिवार विद्यानगर को प्राप्त हुआ।
वहीं सौधर्म इंद्र बनने का सौभाग्य हल्के लाल जैन एवं राहुल जैन–अर्पणा जैन, “न्यायाधीश” झलोन वाला परिवार को तथा ईशान इंद्र बनने का सौभाग्य दिलीप सिंघई–पीलू सिंघई परिवार को प्राप्त हुआ।

ज्ञानोदय पाठशाला के लिए करीब एक लाख रुपये समर्पित
उत्तम त्याग दिवस के अवसर पर समाज के लिए अनुकरणीय पहल देखने को मिली। आयोजन के दौरान प्राप्त समस्त दान राशि लगभग एक लाख रुपये श्री ज्ञानोदय पाठशाला, तेंदूखेड़ा के लिए समर्पित की गई। यह राशि समाज के बच्चों को धार्मिक शिक्षा एवं संस्कार प्रदान करने के उद्देश्य से उपयोग की जाएगी।
समाजजनों ने इस पहल को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और संस्कार निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। आयोजन के माध्यम से त्याग धर्म को केवल धार्मिक उपदेशों तक सीमित न रखते हुए उसे शैक्षणिक एवं सामाजिक सेवा से जोड़ने का संदेश भी दिया गया।
आज रात होगा “कौन बनेगा ज्ञानवीर”
धार्मिक महोत्सव की ज्ञानवर्धक श्रृंखला के तहत आज रात्रि 8 बजे “कौन बनेगा ज्ञानवीर” प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। ज्ञान, बुद्धि और तर्क पर आधारित इस प्रतियोगिता के विजेता को ₹21,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिता को लेकर बच्चों, युवाओं और समाजजनों में उत्साह बना हुआ है। श्री शांतिनाथ भक्त मंडल ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का लाभ लेने की अपील की है।
🙏 समस्त श्री शांतिनाथ भक्त मंडल 🙏
