मस्तकाभिषेक-शांतिधारा के साथ भगवान सुविधिनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव संपन्न, आज होगी ‘चंदनबाला’ की भव्य नाटिका

0
Spread the love

बड़े बाबा के दरबार में बह रही धर्मगंगा

तेंदूखेड़ा, 19 सितंबर।
“बड़े बाबा के दरबार में महोत्सव पुण्य का” के अंतर्गत श्री शांतिनाथ भगवान के पावन दरबार में दशलक्षण महापर्व के अवसर पर धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी है। शनिवार को उत्तम शौच धर्म के पावन दिवस पर बड़े बाबा का मस्तकाभिषेक, शांतिधारा एवं शांतिविधान श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। इसी अवसर पर भगवान सुविधिनाथ जी का मोक्ष कल्याणक महोत्सव भी भक्तिभाव के साथ मनाया गया।

प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर मंत्रोच्चार, जिनेंद्र भक्ति और धार्मिक अनुष्ठानों से गुंजायमान रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अभिषेक एवं शांतिधारा में शामिल होकर धर्मलाभ अर्जित किया।

महापात्र एवं शांतिधारा का सौभाग्य ताराचंद जैन-अमित जैन खेरा परिवार तेंदूखेड़ा, पवन जैन-पूजा जैन सारसबगली, पवन जैन सनाई वाला परिवार तथा राहुल जैन-ऋतु जैन खमरिया वाला परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं सौधर्म इंद्र बनने का सौभाग्य श्रावक श्रेष्ठ सुमेरचंद सिंघई एवं ऋषभ, अरिहंत, श्रेयांश, पारस सिंघई परिवार को मिला। श्री शांतिनाथ भक्त मंडल द्वारा सभी पुण्यार्जक परिवारों की अनुमोदना की गई।

धार्मिक आयोजनों के साथ समाज में ज्ञान, संस्कार और सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘एक मिनट प्रतियोगिता’ में भी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खूब रोमांच देखने को मिला। प्रथम पुरस्कार श्री श्रेयांश जैन, वन परिक्षेत्र अधिकारी, तेंदूखेड़ा एवं समिति की ओर से प्रदान किया गया।

महोत्सव की श्रृंखला में आज रात्रि ‘चंदनबाला’ की भव्य धार्मिक नाटिका का मंचन किया जाएगा। नाटिका के माध्यम से चंदनबाला के त्याग, संयम और धर्मनिष्ठा से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को प्रस्तुत किया जाएगा।

दशलक्षण महापर्व के इन पावन दिनों में मंदिर परिसर में प्रतिदिन अभिषेक, पूजन, विधान एवं विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। लगातार हो रहे आयोजनों से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्तिभाव का वातावरण बना हुआ है।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

error: Content is protected !!