जरा सी बारिश में उफान पर आता नाला, पुलिया नहीं बनने से ग्रामीण परेशान

0
Spread the love

खतरे के बीच नाला पार कर स्कूल जाते हैं बच्चे, ग्रामीणों ने की पुलिया निर्माण की मांग

तेंदूखेड़ा। आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव कई जगह देखने को मिल रहा है। ऐसा ही मामला तेंदूखेड़ा जनपद की ग्राम पंचायत पठादो के आश्रित ग्राम धरीमाल के वार्ड क्रमांक 8 स्थित ग्वारी मोहल्ले में सामने आया है, जहां बारिश के दौरान ग्रामीणों को आवागमन के लिए तेज बहाव वाले नाले को पार करना पड़ता है।

ग्रामीणों के अनुसार ग्वारी मोहल्ले से ग्राम धरी को जोड़ने वाला मार्ग अभी भी कच्चा है और बीच में ग्वारी पार का नाला पड़ता है। बारिश होते ही नाले में पानी का तेज बहाव शुरू हो जाता है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। मोहल्ले में करीब 20 से अधिक परिवार निवास करते हैं।

स्थानीय ग्रामीण मुकेश पाल, मथुरा प्रसाद यादव, छोटू यादव और सुंदर यादव ने बताया कि बारिश के दौरान नाला उफान पर आ जाता है। उनका दावा है कि हर वर्ष कई मवेशियों के बहने की घटनाएं होती हैं। वहीं स्कूली बच्चों को भी इसी रास्ते से नाला पार कर स्कूल जाना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि अधिक बारिश होने पर बच्चे नाला पार नहीं कर पाते और कई बार दूसरी तरफ फंस जाते हैं। पानी कम होने के बाद ही परिजन उन्हें सुरक्षित घर ला पाते हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बारिश के दौरान प्रसव पीड़ा या गंभीर बीमारी की स्थिति में 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों के पहुंचने में परेशानी होती है।

ग्वारी मोहल्ले से धरी गांव की दूरी करीब डेढ़ किलोमीटर बताई गई है और मार्ग कच्चा है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार सरपंच और सचिव से नाले पर पुलिया या कलवर्ट निर्माण की मांग की, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने प्रशासन और पंचायत से मांग की है कि ग्वारी पार नाले पर जल्द से जल्द कलवर्ट पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के दिनों में बच्चों, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

error: Content is protected !!