संकुल स्तरीय संस्कृति महोत्सव संपन्न, तेंदूखेड़ा के 26 प्रतिभागी रहे प्रथम

तेंदूखेड़ा। सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल जबेरा में एक दिवसीय संकुल स्तरीय संस्कृति महोत्सव प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में तेंदूखेड़ा, तेजगढ़ और जबेरा के करीब 80 भैया-बहनों ने विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में तेंदूखेड़ा से लगभग 31 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 26 प्रतिभागियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं रचनात्मक विकास के साथ उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना रहा।

महोत्सव में वंदे मातरम्, निबंध लेखन, एकल भजन, चित्रकला, रंगोली सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के अंत में विजेता भैया-बहनों को पुरस्कार वितरित किए गए। साथ ही विभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों को विद्यालय समिति की ओर से उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम की प्रस्तावना एवं प्रतियोगिता परिणाम की घोषणा कार्यक्रम प्रभारी रामचंद्र सिंह लोधी ने की। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय समिति के अध्यक्ष रूपेश सेन, व्यवस्थापक रवि शंकर बाजपेई, उपाध्यक्ष चंद्रशेखर बाजपेई सहित अन्य समिति सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
