पाजी में तीन घरों पर पुलिस की दबिश, 54 लीटर कच्ची शराब जब्त

घर-घर बन रही थी अवैध शराब, तीन महिलाओं पर प्रकरण दर्ज; महुआ लाहन भी कराया नष्ट
तेंदूखेड़ा। ग्राम पाजी के नाथों के मोहल्ले में मंगलवार शाम तेंदूखेड़ा पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग घरों पर दबिश दी। पुलिस ने तीन महिलाओं के घरों से कुल 54 लीटर कच्ची शराब बरामद की। शराब बनाने में उपयोग की जा रही सामग्री को भी मौके पर नष्ट कराया गया।
पुलिस के अनुसार, पहली महिला के घर से 30 लीटर, दूसरी के घर से 15 लीटर और तीसरी महिला के घर से 9 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इसके अलावा शराब तैयार करने के लिए रखा करीब 25 कुप्पा महुआ लाहन भी मिला, जिसे पुलिस ने मौके पर नष्ट कराया। तीनों मामलों में संबंधित महिलाओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
बताया गया कि ग्राम पाजी में लंबे समय से घरों में कच्ची शराब बनाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। मंगलवार को टीआई सरोज लोधी पुलिस स्टाफ के साथ गांव पहुंचीं और अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक अवैध शराब का यह कारोबार महिलाओं के माध्यम से संचालित किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक गजराज सीग, आरक्षक विजय दीक्षित, नंदराम सहित महिला आरक्षक मौजूद रहे।
लगातार कार्रवाई से पुलिस की कार्यशैली की सराहना
तेंदूखेड़ा क्षेत्र में पिछले दो दिनों में अवैध शराब के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर संतोष नजर आ रहा है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब निर्माण और बिक्री की शिकायतें सामने आती रही हैं। अब पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई किए जाने से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।

हालांकि, इन कार्रवाइयों के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि तेंदूखेड़ा ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में कच्ची शराब का कारोबार आखिर कब से चल रहा था और शिकायतों के बावजूद इस पर पहले प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
टीआई सरोज लोधी ने बताया कि पाजी में तीन महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किए गए हैं। अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमित रूप से ऐसे ठिकानों पर दबिश दी जाएगी।
