नाली का पानी रोकने का आरोप, पांच आवेदन के बाद भी नहीं हुआ निराकरण

0
Spread the love

गाली-गलौच और विवाद की शिकायत, एसडीएम से तत्काल कार्रवाई की मांग

तेंदूखेड़ा। नगर के वार्ड क्रमांक 9 में नाली के पानी की निकासी को लेकर विवाद सामने आया है। वार्ड निवासी भागीरथ पिता छोटेलाल साहू ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तेंदूखेड़ा को आवेदन देकर नाली के पानी की निकासी की व्यवस्था कराने तथा कथित गाली-गलौच एवं अभद्रता के मामले में कार्रवाई की मांग की है।

आवेदक ने बताया कि उसके घर के सामने की नाली का पानी नगर परिषद द्वारा कच्चे मार्ग से निकाला जा रहा है। यह पानी पवन सोनी के प्लाट के सामने से होकर गुजरता है। आरोप है कि पवन सोनी द्वारा नाली में दो डंपर मुरम डलवाकर पानी की निकासी बंद कर दी गई है। इसके बाद नाली के पानी को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है।

भागीरथ साहू का आरोप है कि इस मामले में पवन सोनी द्वारा उनके साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौच की गई। वहीं उनकी पत्नी द्वारा कथित रूप से कुल्हाड़ी लेकर गंदा पानी उनके घर के सामने डालने की बात भी आवेदन में कही गई है। आवेदक का कहना है कि इससे उसे और उसके परिवार को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आवेदन में बताया गया कि सड़क निर्माण एवं पानी निकासी की समस्या को लेकर पूर्व में एसडीएम, सीएमओ और तहसीलदार के समक्ष आवेदन दिए जा चुके हैं। इसके अलावा कलेक्टर दमोह की जनसुनवाई में भी 23 जून 2026 को शिकायत प्रस्तुत की गई थी। आवेदक के अनुसार अब तक करीब पांच आवेदन दिए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी निराकरण नहीं हुआ है।

भागीरथ साहू ने एसडीएम से मामले की जांच कर तत्काल नाली के पानी की निकासी की व्यवस्था कराने और विवाद की स्थिति को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि समय रहते समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

error: Content is protected !!