सामुदायिक पुलिस सहभागिता और न्याय सुलभता पर भोपाल में एक दिवसीय कार्यशाला

दमोह। संबल, न्याय सुलभता, समाज कार्य एवं सामुदायिक पुलिस सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को लेकर 8 सितंबर 2026 को भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा स्वर्ण जयंती सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला का आयोजन अपराध अनुसंधान विभाग एवं सामुदायिक पुलिसिंग शाखा की संयुक्त पहल पर किया जा रहा है।
कार्यशाला में पुलिस एवं सामाजिक संस्थाओं के बीच सहभागिता और समन्वय, अपराध अनुसंधान, अपराध पीड़ितों के लिए न्याय व्यवस्था के विभिन्न आयामों सहित बाल सुरक्षा, महिला सुरक्षा, दिव्यांगजन सुरक्षा तथा समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा जैसे विषयों पर परिचर्चा की जाएगी।
इसके साथ ही सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) की पुलिस व्यवस्था में भूमिका और सहयोग को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस एवं सामाजिक संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जरूरतमंद एवं कमजोर वर्गों तक न्याय और सुरक्षा की पहुंच को अधिक प्रभावी बनाना है।
इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में मानव जीवन विकास समिति कटनी/दमोह का प्रतिनिधित्व जिला समन्वयक घनश्याम प्रसाद रायकवार करेंगे। वे कार्यशाला में संस्था की ओर से सामाजिक सहभागिता एवं सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़े विषयों पर प्रतिनिधित्व करेंगे।
