तारादेही के सरकारी स्कूल में लाखों की चोरी, कंप्यूटर कक्ष का ताला तोड़कर सामान ले गए चोर

तारादेही। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तारादेही में अज्ञात चोरों ने विद्यालय के कंप्यूटर कक्ष का ताला तोड़कर लाखों रुपये की शासकीय सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की जानकारी सोमवार सुबह विद्यालय खुलने पर सामने आई। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन ने थाना तारादेही में आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य स्वदेश नेमा द्वारा थाना प्रभारी को दिए गए आवेदन के अनुसार, चोरी की वारदात 30-31 अगस्त की दरमियानी रात में हुई। अज्ञात चोरों ने कंप्यूटर कक्ष का ताला तोड़ा और वहां रखे कंप्यूटर सिस्टम सहित अन्य सामग्री चोरी कर ली।
विद्यालय प्रबंधन के मुताबिक चोरी गए सामान में ACER कंपनी के 10 कंप्यूटर सिस्टम, जिनकी कीमत करीब 4 लाख 19 हजार 890 रुपये, HP LaserJet के दो प्रिंटर, कीमत 39 हजार 840 रुपये, इसके अलावा 6 माउस और 2 की-बोर्ड शामिल हैं। चोरी गई सामग्री की कुल कीमत करीब 4 लाख 59 हजार 730 रुपये बताई गई है।
घटना की सूचना पुलिस एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी दी गई है। प्रभारी प्राचार्य ने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश एवं शासकीय सामग्री बरामद करने की मांग की है।

पुलिस के खौफ पर उठ रहे सवाल
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि तारादेही क्षेत्र में चोरी की घटनाएं आए दिन सामने आ रही हैं। लोगों के बीच चर्चा है कि क्षेत्र में पुलिस का खौफ कम होता जा रहा है, जिसके चलते चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
तारादेही थाना प्रभारी आलोक त्रिपुढे ने बताया है कि तारादेही हाईस्कूल में कम्प्यूटर चोरी होने का मामला सामने आया है उस पर जांच जारी है
अब देखना यह होगा कि पुलिस इस वारदात में शामिल आरोपियों तक कब पहुंचती है और विद्यालय से चोरी हुई शासकीय सामग्री की बरामदगी कब तक हो पाती है।
