तेंदूखेड़ा में दिवंगत के सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना: अंतिम संस्कार के लिए गांव गया था परिवार, नगदी-जेवर समेत गेहूं और एलसीडी टीवी भी बटोर ले गए चोर

तेंदूखेड़ा। स्थानीय वार्ड नंबर 9 में एक बेहद चौंकाने वाला और असंवेदनशील चोरी का मामला सामने आया है। बीते मंगलवार को फांसी लगाकर जान देने वाले मनोज साहू के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने शोक में डूबे परिवार की अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए घर से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, एलसीडी टीवी और यहाँ तक कि घर में रखा गेहूं भी पार कर दिया।अंतिम संस्कार के लिए गांव गया था परिवारप्राप्त जानकारी के अनुसार, हिनौती (सैलवाड़ा) निवासी मनोज साहू वर्तमान में तेंदूखेड़ा के वार्ड नंबर 9 में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रह रहे थे। मंगलवार को मनोज साहू की आकस्मिक मृत्यु के बाद पूरा परिवार अंतिम संस्कार और आगे के रीति-रिवाजों (खारी कार्यक्रम) के लिए अपने पैतृक गांव हिनौती गया हुआ था। घर पर ताला लटका हुआ था और कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था।लौटकर देखा तो टूटा मिला तालाशनिवार को जब मृतक के परिजन हिनौती से खारी कार्यक्रम संपन्न कर वापस तेंदूखेड़ा स्थित अपने निवास पर पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर पूरा सामान बिखरा पड़ा था।घर का राशन तक उठा ले गए चोरपीड़ित परिवार के मुताबिक, चोरों ने तिजोरी और अलमारी के ताले चटकाकर अंदर रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नगदी साफ कर दी। इतना ही नहीं, चोर घर में लगी एलसीडी टीवी और दैनिक उपयोग के लिए रखा गेहूं भी अपने साथ समेट ले गए। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। एक तरफ जहां परिवार पहले से ही मुखिया की मौत के गम में डूबा हुआ है, वहीं इस चोरी ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया है।
