रक्षाबंधन पर बच्चों ने लिया एक-दूसरे की रक्षा, सम्मान और सहयोग का संकल्प

तेंदूखेड़ा। नगर में संचालित एमबीके चिल्ड्रंस पैराडाइज स्कूल में रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय में विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और तीज-त्योहारों के महत्व की जानकारी भी दी जाती है। इसी क्रम में रक्षाबंधन पर्व का महत्व समझाते हुए बच्चों को एक-दूसरे की रक्षा, सम्मान और सहयोग करने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य सोनू साहू ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक है। यह पर्व केवल कलाई पर राखी बांधने तक सीमित नहीं है, बल्कि एक-दूसरे की रक्षा, सम्मान और सहयोग का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रक्षा का अर्थ केवल शारीरिक सुरक्षा नहीं, बल्कि एक-दूसरे के सम्मान, अधिकार और भावनाओं की रक्षा करना भी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने मित्रों, बहनों और भाइयों का सम्मान करें, जरूरतमंदों की सहायता करें तथा हमेशा प्रेम और सद्भाव के साथ रहें। बच्चों ने परिवार, समाज और देश की एकता एवं सद्भाव बनाए रखने तथा सभी के प्रति प्रेम, सम्मान और सहयोग की भावना रखने का संकल्प लिया।
बच्चों ने बनाई आकर्षक राखियां
कार्यक्रम के दौरान राखी मेकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने घरेलू एवं अनुपयोगी सामग्री का रचनात्मक उपयोग करते हुए सुंदर और आकर्षक राखियां तैयार कीं। बच्चों ने अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को जन्माष्टमी पर्व के विशेष कार्यक्रम में पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालय के इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और पर्व-त्योहारों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें आपसी प्रेम, भाईचारा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
