जंगल में भालू के हमले से युवक घायल, चीखने-चिल्लाने पर बची जान

तेंदूखेड़ा। तेंदूखेड़ा वन परिक्षेत्र की इमलीडोल बीट में मंगलवार रात जंगल के रास्ते से अकेले गुजर रहे एक युवक पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर पर दो जगह चोटें आई हैं। युवक की चीख-पुकार सुनकर भालू पीछे हट गया, जिससे उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार इमलीडोल निवासी डालसींग गौड़, पिता घनश्याम गौड़, उम्र करीब 30 वर्ष, रात के समय इमलीडोल से ग्राम जरुआ जा रहा था। इसी दौरान जंगल में सड़क किनारे अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया। भालू ने युवक के सिर पर हमला किया, जिससे दो जगह घाव हो गए। युवक द्वारा जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने पर भालू वहां से पीछे हट गया।

घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेंदूखेड़ा लाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं वन विभाग की ओर से इमलीडोल बीट गार्ड अभिषेक मोदी ने पीड़ित के परिजनों को प्रथम सहायता राशि के रूप में 1000 रुपये नगद प्रदान किए।
बताया जाता है कि इमलीडोल बीट के इस क्षेत्र में जंगल काफी घना है और यहां अक्सर वन्यजीवों की मौजूदगी रहती है। घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भी वन्यजीवों को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने जंगल के रास्तों पर रात्रि के समय अकेले आवागमन करते समय सावधानी बरतने की अपील की है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी श्रेयांश जैन ने बताया है कि ये दो लोग थे जो जंगल के रास्ते से जा रहे थे उसी समय एक ब्यक्ति पर भालू ने किया था हमला ओर दूसरा चिल्लाने लगा इस तरह भालू भाग गया विभाग कीओर से उसे सहायता जो मिलती है दे दी गयी बाद में प्रकरण के अनुसार जो भी मिलेगा उसे दे दिया जाएगा।
