तेंदूखेड़ा के प्राचीन शिव मंदिर से शिवलिंग गायब, जांच में जुटी पुलिस

तेंदूखेड़ा। नगर परिषद तेंदूखेड़ा के वार्ड क्रमांक 5 में स्थित प्राचीन शिव मंदिर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब श्रद्धालुओं ने मंदिर में भगवान शिव की पिंडी (शिवलिंग) को अपने स्थान से गायब पाया। सुबह पूजा-अर्चना और जल चढ़ाने पहुंचे स्थानीय लोगों ने देखा कि मंदिर में केवल जलहरी ही मौजूद थी, जबकि शिवलिंग वहां नहीं था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीती रात मंदिर में पूजन और आरती के समय शिवलिंग यथास्थान मौजूद था। सुबह इसके गायब मिलने के बाद लोगों ने मंदिर के आसपास तलाश की। मंदिर के पीछे खाली शराब की बोतलें और पानी के पाउच पड़े मिले, जिसके चलते स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि कुछ असामाजिक तत्वों ने मंदिर के पीछे शराब पीने के बाद शिवलिंग को वहां से हटाकर नदी में फेंक दिया होगा।

वहीं, कुछ लोगों ने मूर्ति चोरी की आशंका भी जताई और मामले में अलग-अलग तरह की चर्चाएं सामने आईं। हालांकि, पुलिस ने किसी भी तरह की आशंका की पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
एसडीओपी अर्चना अहीर ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा शिवलिंग को मंदिर से हटाया गया है। अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध जांच की जा रही है। मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा होने के कारण जांच में कुछ कठिनाई आ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर में अक्सर लोग बैठते हैं और मंदिर में ताला भी नहीं लगाया जाता। फिलहाल शिवलिंग को नदी में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का माहौल है, हालांकि फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर शिवलिंग के गायब होने के कारणों और जिम्मेदार व्यक्ति का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
