तेंदूखेड़ा में भव्य स्वागत के साथ पहुंची कांवड़ यात्रा, 1500 से अधिक कांवड़ यात्री हुए शामिल

तेंदूखेड़ा। नगर तेंदूखेड़ा में पांच दिवसीय कांवड़ यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यात्रा में करीब 1500 से अधिक कांवड़ यात्री शामिल हैं। लगातार हो रही बारिश के बावजूद कांवड़ यात्रियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं भी श्रद्धा के साथ यात्रा में शामिल होकर भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
कांवड़ यात्रियों ने बताया कि पांच दिवसीय यह यात्रा भेड़ाघाट स्थित पंचवटी से मां नर्मदा के पवित्र जल भरकर प्रारंभ हुई है। यात्रा का पहला पड़ाव पाटन में रहा, जबकि दूसरे दिन रात्रि विश्राम तेंदूखेड़ा के दयोदय श्री विद्यासागर महाराज पशु सेवा केंद्र में किया गया।

तेंदूखेड़ा पहुंचने पर नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा कांवड़ यात्रियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। गोशाला परिसर में यात्रियों के लिए भोजन-प्रसाद की व्यवस्था की गई तथा रात्रि विश्राम भी यहीं कराया गया। नगर के लोगों द्वारा जगह-जगह जलपान एवं अन्य व्यवस्थाएं भी की गईं।
रात्रि विश्राम के बाद आज सुबह कांवड़ यात्रा अगले पड़ाव जागेश्वर धाम बादकपुर के लिए रवाना हुई। बताया जा रहा है कि यात्रा का अगला रात्रि विश्राम तेजगढ़ के आसपास होने की संभावना है।
लगातार बारिश के बीच भी यात्रा में किसी तरह की कमी नहीं आई और कांवड़ यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु बारिश में भी कांवड़ लेकर आगे बढ़ते नजर आए। नगरवासियों ने भी सेवा भावना के साथ यात्रियों के लिए जगह-जगह पानी, जलपान और भोजन की व्यवस्था की।

यह कांवड़ यात्रा मध्यप्रदेश शासन के राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के छोटे भाई सतेंद्र सिंह लोधी एवं नितेन्द्र सिंह लोधी के नेतृत्व में निकाली जा रही है। यात्रा में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु भी सहभागी बनकर साथ चल रहे हैं। राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भी अपने भाइयों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर यात्रा में शामिल होकर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ा रहे हैं।
बारिश के बीच निकली इस विशाल कांवड़ यात्रा ने तेंदूखेड़ा नगर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का माहौल बना दिया। यात्रा के दौरान हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय नजर आया।
