तेज बारिश से तहसील परिसर के आसपास जलभराव, आवेदन लेखकों का काम प्रभावित

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा। शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद तेंदूखेड़ा नगर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई। तहसील कार्यालय के सामने और पीछे भी करीब दो फीट तक पानी भर जाने से आम लोगों के साथ-साथ तहसील परिसर में बैठकर किसानों के आवेदन तैयार करने वाले आवेदन लेखकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

तहसील परिसर के आसपास एक दर्जन से अधिक आवेदन लेखक बैठकर किसानों और आम लोगों के राजस्व संबंधी आवेदन तैयार करते हैं। जलभराव के कारण उनकी कुर्सी-टेबल पानी से घिर गई हैं, जिससे कामकाज प्रभावित हो रहा है।

आवेदन लेखक दिनेश नामदेव, रंजीत अहिरवार और कृष्णा नामदेव ने बताया कि जहां वे बैठकर काम करते हैं, वहां करीब दो फीट तक पानी भर गया है। उनका कहना है कि सड़क किनारे बनी नाली से पानी आगे नहीं निकल पा रहा है। पेट्रोल पंप के पास नाली बंद होने के कारण बारिश का पानी आगे जाने के बजाय तहसील परिसर के आसपास जमा हो रहा है।

पूर्व में दी थी सूचना, फिर भी नहीं हुआ समाधान

आवेदन लेखकों का कहना है कि नाली की समस्या को लेकर नगर परिषद को पूर्व में मौखिक रूप से सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद स्थिति और गंभीर हो गई और उनकी कुर्सी-टेबल के चारों ओर पानी भर गया।

आवेदन लेखकों ने बताया कि आगामी दिनों में भी बारिश होने की मौसम विभाग की चेतावनी है। यदि नाली की सफाई अथवा बंद हिस्से को तत्काल नहीं खुलवाया गया तो जलभराव की समस्या और बढ़ सकती है।

उन्होंने नगर परिषद से मांग की है कि पेट्रोल पंप के पास बंद नाली को तत्काल खुलवाकर पानी की निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि तहसील परिसर में आने वाले लोगों और आवेदन लेखकों को परेशानी से राहत मिल सके।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों

error: Content is protected !!