बारिश ने खोली नगर परिषद की नालियों की पोल, उपाध्यक्ष के भाई के घर में घुसा पानी

0
Spread the love

पुलिया बंद होने और तहसील तक नाली नहीं होने से घरों में घुस रहा गंदा पानी, लोगों ने की नाली निर्माण की मांग

तेंदूखेड़ा। शुक्रवार रात हुई तेज बारिश ने नगर परिषद के बारिश पूर्व इंतजामों की पोल खोलकर रख दी। नगर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी, वहीं नगर परिषद के उपाध्यक्ष के बड़े भाई के घर में भी करीब डेढ़ से दो फीट तक पानी भर गया। पानी भरने से घर में रखा सामान, अनाज, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने की स्थिति में पहुंच गए।

नगर परिषद उपाध्यक्ष के भतीजे कृष्णा नामदेव ने बताया कि तेज बारिश के दौरान उनके घर के अलावा भूरा सिंघई, आलोक जैन और डॉ. अवस्थी के घरों में भी पानी भर गया। उन्होंने बताया कि तारादेही तिगड्डे से तहसील की ओर जाने वाली नाली के किनारे उनके घर स्थित हैं। कुछ दूरी पर नाली को पुलिया के माध्यम से सड़क के दूसरी ओर ले जाया गया है।

कृष्णा नामदेव के अनुसार वर्तमान में इसी स्थान पर भागचंद साहू द्वारा मकान का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका अभी फाउंडेशन तैयार हुआ है। निर्माण के चलते पुलिया का आधा हिस्सा बंद होने की स्थिति में है। उनका कहना है कि मकान पूरा होने के बाद पुलिया पूरी तरह बंद हो सकती है, जिससे बारिश के पानी की निकासी और प्रभावित होगी।

उन्होंने बताया कि उनके घरों के आगे से तहसील तक पर्याप्त पुलिया और नाली की व्यवस्था नहीं है। इसके कारण तारादेही तिगड्डे की ओर से आने वाला बारिश का पानी आगे नहीं निकल पाता और वापस होकर घरों में घुस जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बने कई मकानों के दौरान नाली के लिए पर्याप्त जगह भी नहीं छोड़ी गई और नगर परिषद द्वारा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई।

हर साल खराब हो रहे इलेक्ट्रॉनिक सामान

जलभराव से परेशान लोगों ने बताया कि घरों में गंदा पानी भरने से काफी नुकसान होता है। पानी के साथ गंदगी घरों में पहुंच जाती है, जिससे कपड़े, अनाज और बर्तन खराब हो जाते हैं। वहीं टीवी, कूलर, फ्रिज सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी पानी भरने के कारण खराब होने की शिकायत लोगों ने की है।

स्थानीय लोगों ने शासन और नगर परिषद से मांग की है कि तारादेही तिगड्डे से तहसील तक जल निकासी के लिए नाली को व्यवस्थित रूप से जोड़ा जाए और बीच में आवश्यक पुलियों का निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के दौरान पानी घरों में न घुसे और लोगों को हर वर्ष होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।

दमोह रोड पर नाली निर्माण का टेंडर हो चुका

इस संबंध में नगर परिषद के उपयंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि दमोह रोड के दोनों ओर नाली निर्माण के लिए टेंडर हो चुका है। हालांकि ठेकेदार द्वारा अभी अनुबंध नहीं कराया गया है और न ही अमानत राशि जमा कराई गई है। इसी कारण अभी वर्क ऑर्डर जारी नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद नाली निर्माण का कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों

error: Content is protected !!