सरस्वती शिशु मंदिर में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

तेंदूखेड़ा। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर तेंदूखेड़ा में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति अध्यक्ष श्री परम सिंह ठाकुर, सचिव श्री विवेक कुमार जैन, कोषाध्यक्ष श्री भूपेंद्र सोनी, श्री वीरेन्द्र सिंह ठाकुर सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ।
इसके पश्चात विद्यालय स्तर पर विभिन्न रंगमंचीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। शासकीय उच्चतर उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर के 22 भैया-बहनों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य ने बच्चों एवं अभिभावकों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि केवल कक्षा अथवा विद्यालय में टॉप करना ही पर्याप्त नहीं है। प्रत्येक बच्चे को भविष्य में स्वावलंबी और संस्कारवान बनाने का प्रयास आचार्य, दीदियों एवं अभिभावकों को मिलकर करना चाहिए।
संस्था के प्रधानाचार्य ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर अच्छे संस्कार एवं श्रेष्ठ जीवनशैली के लिए जाने जाते हैं। इन विद्यालयों के भैया-बहन आगे चलकर भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को अपनाकर अपना जीवन व्यतीत करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय आचार्य परिवार एवं सरस्वती शिक्षा समिति ने सभी भैया-बहनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, संस्कार एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।
