सच्ची आजादी तब, जब अच्छे कार्यों से देश की तरक्की में दें योगदान,एमबीके चिल्ड्रंस पैराडाइज स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

तेंदूखेड़ा। नगर में संचालित एमबीके चिल्ड्रंस पैराडाइज स्कूल में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। भारी बारिश के बावजूद विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
विद्यालय के प्राचार्य एस.के. साहू ने बताया कि आशंका थी कि इतनी भारी बारिश के चलते स्वतंत्रता दिवस का यह बड़ा पर्व कहीं फीका न पड़ जाए, लेकिन विद्यालय के शिक्षकों एवं बच्चों ने उत्साह और समर्पण के साथ कार्यक्रम में सहभागिता कर इस आशंका को गलत साबित कर दिया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न प्रस्तुतियां देकर उपस्थितजनों का मन मोह लिया।

इस दौरान पूरा विद्यालय प्रांगण देशभक्ति के नारों एवं देश के वीर सपूतों की जय-जयकार से गूंज उठा। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों ने मंच से संदेश देते हुए कहा कि सच्ची स्वतंत्रता तभी सार्थक होगी, जब हम आजादी का लाभ उठाकर समाज और देश के लिए अच्छे कार्य करें तथा देश की तरक्की में अपना योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रस्तुतियां देने वाले प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। भारी बारिश के बीच भी बच्चों एवं शिक्षकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
