दमोह पुलिस ने निकाली भव्य तिरंगा मोटरसाइकिल यात्रा, गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश

दमोह। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार 10 अगस्त को दमोह पुलिस द्वारा भव्य तिरंगा मोटरसाइकिल यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगि (IPS) ने किया।
तिरंगा यात्रा में दमोह पुलिस की 150 से अधिक मोटरसाइकिलें शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ शहर में यात्रा निकाली। इस दौरान शहर में देशभक्ति का माहौल दिखाई दिया और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इस यात्रा का उद्देश्य पुलिस बल के साथ-साथ आमजन में भी राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाने तथा राष्ट्रीय ध्वज का सदैव सम्मान करने की अपील की।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया, सीएसपी श्री एच.आर. पांडेय, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक श्री शिवप्रसाद कंगाली, निरीक्षक श्री दलबीर सिंह मार्को, निरीक्षक श्री मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
