13 अगस्त को बिजली संबंधी समस्याओं की समीक्षा बैठक,सीई एमपीईबी सागर संभाग होंगे शामिल- कलेक्टर श्री यादवट्रांसफार्मर, अघोषित कटौती और बढ़े हुए बिजली बिलों कीशिकायतों पर होगी समीक्षा
जिले में विद्युत व्यवस्था से संबंधित आमजन की शिकायतों के निराकरण के लिए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की अध्यक्षता में 13 अगस्त, गुरुवार को विद्युत विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सीई, एमपीईबी सागर संभाग भी उपस्थित रहेंगे। बैठक में लंबे समय से खराब ट्रांसफार्मरों, अघोषित विद्युत कटौती, अधिक अथवा गलत बिजली बिल सहित अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं की समीक्षा की जाएगी।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि जिले में लगातार ऐसी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि बिल जमा होने के बावजूद लंबे समय से खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदले जा रहे हैं। इसके अलावा कई क्षेत्रों में घंटों तक अघोषित विद्युत कटौती किए जाने तथा बिजली के बिल अधिक राशि या गलत तरीके से जारी होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
खराब ट्रांसफार्मर की जानकारी फेसबुक पेज पर दें
कलेक्टर ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में ट्रांसफार्मर लंबे समय से खराब है और शासन द्वारा निर्धारित 10 प्रतिशत बिल जमा होने की सीमा पूरी होने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है, तो इसकी जानकारी कलेक्टर के फेसबुक पेज पर कमेंट के माध्यम से मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा इसी प्रकार यदि किसी क्षेत्र में बार-बार अघोषित विद्युत कटौती हो रही है, जिससे पेयजल सप्लाई प्रभावित हो रही है अथवा आमजन का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है, तो उसकी जानकारी भी फेसबुक पेज के माध्यम से दी जा सकती है।
गलत बिजली बिलों का कराया जाएगा परीक्षण
कलेक्टर ने कहा कि बिजली के बिल व्यक्तिगत प्रकृति के होने के कारण प्रत्येक प्रकरण को अलग-अलग स्तर पर लेना कठिन हो सकता है। ऐसे मामलों में आमजन फेसबुक पेज पर अपनी शिकायत साझा कर सकते हैं। प्राप्त शिकायतों को एमपीईबी के अधिकारियों को भेजकर उनका परीक्षण कराया जाएगा। यदि बिल गलत पाया जाता है तो उसे नियमानुसार ठीक कराया जाएगा।
उन्होंने कहा समीक्षा बैठक में आमजन से प्राप्त शिकायतों को प्रमुखता से रखा जाएगा और विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
लापरवाही पर अधिकारियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
कलेक्टर श्री यादव ने कहा यदि जांच में यह सामने आता है कि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। उन्होंने कहा विशेष रूप से सीई, एमपीईबी सागर संभाग को बैठक में आमंत्रित किया गया है, ताकि उनके समक्ष जिले में विद्युत विभाग के अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की जा सके और आमजन की समस्याओं का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
—
