शादी का वादा कर युवती से दुष्कर्म का आरोपी भोपाल के निकट से गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

तेंदूखेड़ा। शादी का भरोसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और बाद में विवाह से इनकार करने के मामले में फरार आरोपी को तेंदूखेड़ा पुलिस ने भोपाल के समीप से गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए गए।
पुलिस के अनुसार, थाना तेंदूखेड़ा क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने 25 अप्रैल 2026 को अपनी मां के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। युवती जबलपुर स्थित एक पैरामेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रही है।
शिकायत में बताया गया कि आरोपी राम कंकन विश्वकर्मा, निवासी ग्राम सिदृवाहा, जिला ललितपुर (उत्तर प्रदेश), उसका रिश्तेदार होने के साथ ही एक ही समाज का होने के कारण पहले से परिचित था। बातचीत का सिलसिला शुरू होने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
पीड़िता का आरोप है कि 6 मार्च 2025 को जब वह घर पर अकेली थी, तब आरोपी वहां पहुंचा और शादी करने का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह लगातार विवाह का भरोसा देता रहा और लगभग 10 माह तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
मामला तब सामने आया जब युवती को दिसंबर 2025 में जानकारी मिली कि आरोपी का विवाह किसी अन्य युवती से तय हो गया है। 25 दिसंबर को उसने आरोपी से इस बारे में बात की, लेकिन आरोपी ने पहले बहाने बनाए और बाद में शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद उसने युवती से संपर्क भी समाप्त कर लिया।
पीड़िता ने बताया कि पिता की बीमारी और सामाजिक बदनामी के भय से उसने लंबे समय तक किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। बाद में उसने अपनी मां को पूरी बात बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर 25 अप्रैल 2026 को आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म एवं धोखाधड़ी की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। घटना के बाद से आरोपी फरार था।
थाना प्रभारी सरोज ठाकुर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन भोपाल के पास चिन्हित की। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है।
