सर्वसम्मति से महेंद्र पाटकर बने अखिल भारतीय पटवा समाज के ब्लॉक अध्यक्ष, समाजजनों ने दी बधाई

तेंदूखेड़ा | नगर तेंदूखेड़ा में रविवार को अखिल भारतीय पटवा समाज की ब्लॉक स्तरीय बैठक गौरेया नदी किनारे स्थित खेर माता मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में समाज के वरिष्ठजनों एवं सदस्यों की उपस्थिति में समाज की एकजुटता, संगठन और विकास को लेकर चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत खेर माता मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके बाद समाज के ब्लॉक अध्यक्ष के चयन पर विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से महेंद्र पाटकर को अखिल भारतीय पटवा समाज का ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद समाजजनों ने महेंद्र पाटकर का तिलक लगाकर एवं पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महेंद्र पाटकर ने समाज के वरिष्ठजनों का आशीर्वाद लिया और सभी का आभार व्यक्त किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष महेंद्र पाटकर ने कहा कि समाज ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा युवाओं को समाजहित के कार्यों से जोड़ने की दिशा में कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
महेंद्र पाटकर के ब्लॉक अध्यक्ष बनने पर समाज के लोगों के साथ-साथ तेंदूखेड़ा एवं आसपास के क्षेत्र के मित्रों, शुभचिंतकों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
