हर्रई सिंगौरगढ़ में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का आरोप, पक्के निर्माण पर उठे सवाल

0
Spread the love

बस स्टैंड और शासकीय तलैया के आसपास निर्माण होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

तेंदूखेड़ा। तेंदूखेड़ा से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत हर्रई सिंगौरगढ़ में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण कर पक्के निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि बस स्टैंड, शासकीय तलैया एवं सामुदायिक परिसर के आसपास सरकारी जमीन पर लगातार कब्जे किए जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों द्वारा समय रहते कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि बस स्टैंड के पास स्थित शासकीय तलैया की भूमि पर धीरे-धीरे लोगों ने कब्जा कर मकान बना लिए हैं। उनका यह भी कहना है कि अब एक व्यक्ति द्वारा करीब 10×10 फीट का नया पक्का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं सामुदायिक परिसर के पास पहले से बने मकान के सामने भी कथित रूप से नया निर्माण किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण मुख्य सड़क के काफी नजदीक हो रहा है, जिससे भविष्य में सड़क दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव में पहले से बनी कुछ पक्की दुकानों का निर्माण भी शासकीय भूमि पर किया गया है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण रोकने के लिए समय रहते कार्रवाई की जाती तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती। उनका कहना है कि यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो अन्य लोग भी खाली पड़ी सरकारी जमीन पर कब्जा करने के लिए प्रेरित होंगे।

सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत एवं राजस्व विभाग के जिम्मेदार कर्मचारियों को यह अतिक्रमण दिखाई नहीं दिया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

राजस्व निरीक्षक (आरआई) आनंद कुमार ने बताया कि संबंधित अतिक्रमणों की रिपोर्ट तैयार कर तहसील कार्यालय भेज दी गई है। अब आगे की कार्रवाई तहसीलदार स्तर से की जाएगी।

वहीं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सी. जी. गोस्वामी ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है और मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों

error: Content is protected !!