अवैध शराब पकड़वाने पर संगठन कार्यकर्ताओं को जान से मारने की धमकी

शराब माफियाओं पर पुलिस के पहुंचने से पहले शराब छुड़ाने का प्रयास करने का आरोप, वीडियो-फोटो के आधार पर जांच शुरू
बटियागढ़। बटियागढ़ थाना की केरबना चौकी अंतर्गत ग्राम खड़ैरी में अवैध शराब पकड़वाने के बाद भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं को कथित रूप से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि शराब माफियाओं ने मौके पर पहुंचकर शराब छुड़ाने का प्रयास किया और विरोध करने पर गंभीर धमकियां दीं।
संगठन के ब्लॉक कोषाध्यक्ष जयकुमार नामदेव ने बताया कि 30 जुलाई की रात करीब 9 बजे संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सूचना देकर दो पेटी अवैध शराब पकड़वाई थी। उनका आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले काली फिल्म लगी स्कॉर्पियो से कुछ लोग मौके पर पहुंचे और शराब छुड़ाने का प्रयास किया। विरोध करने पर संगठन के कार्यकर्ताओं को जान से मारने की धमकी दी गई।
उन्होंने बताया कि संगठन पिछले 15 वर्षों से पुलिस को सूचना देकर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई कराता आ रहा है और अब तक 2,500 से अधिक स्थानों पर अवैध शराब पकड़वा चुका है। उनका आरोप है कि बटियागढ़ क्षेत्र में शराब माफियाओं में न तो पुलिस का भय है और न ही आबकारी विभाग का, जिसके चलते अवैध शराब का कारोबार लगातार जारी है।
संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि शराब पकड़े जाने की सूचना मिलते ही काले रंग की स्कॉर्पियो से 8 से 9 लोग लाठी और लोहे की रॉड लेकर पहुंचे तथा कार्यकर्ताओं को धमकाते हुए कहा कि यदि आगे भी शराब पकड़ी तो गाड़ी चढ़ा देंगे। उन्होंने दावा किया कि वे मौके पर मौजूद कुछ लोगों की पहचान करते हैं और उनके नाम पुलिस को बताए गए हैं।
वहीं, केरबना चौकी प्रभारी मनीष यादव ने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो और फोटो के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: इस समाचार में लगाए गए आरोप संबंधित पक्षों के हैं। मामले की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
