प्रधानमंत्री आवास योजना में रिश्वत लेते सहायक सचिव लोकायुक्त के हत्थे चढ़े

दमोह। जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जनपद पंचायत जबेरा की ग्राम पंचायत परासईं में सागर लोकायुक्त टीम ने कथित रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने ग्राम पंचायत के सहायक सचिव राजेश सिंह लोधी को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता संजू रैकवार ने लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की थी कि उनके एवं उनकी माता के प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रकरण में कार्य कराने के एवज में सहायक सचिव द्वारा कुल 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पहले 20 हजार रुपये लिए जा चुके थे, जबकि शेष 8 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद सागर लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए सहायक सचिव को कथित रूप से 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। मामले की जांच जारी है तथा आगे की कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस द्वारा की जा रही है।
नोट: यह कार्रवाई शिकायतकर्ता के आरोपों एवं लोकायुक्त की कार्रवाई पर आधारित है। मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा।
