दो माह से अंधेरे में सिमरिया गांव, बिल जमा करने के बाद भी नहीं बदला ट्रांसफार्मर; ग्रामीणों ने बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर जताया आक्रोश

0
Spread the love

धनकुमार विष्वकर्मा

तेजगढ़/दमोह। तेजगढ़ थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत समदई के अंतर्गत आने वाले सिमरिया गांव में पिछले करीब दो माह से बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि कनिष्ठ अभियंता (जेई) के कहने पर सभी उपभोक्ताओं ने अपने-अपने बिजली बिल जमा कर दिए, लेकिन इसके बावजूद आज तक गांव में खराब ट्रांसफार्मर बदलकर नया नहीं लगाया गया।

समस्या से परेशान ग्रामीण पिकअप वाहन में सवार होकर बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बिजली नहीं होने के कारण गांव में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, वहीं रात के अंधेरे में लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि बिजली नहीं होने से बारिश के मौसम में सांप-बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतु घरों के आसपास पहुंच रहे हैं। अब तक दो-तीन लोगों को सर्पदंश की घटनाएं भी हो चुकी हैं। साथ ही मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे दमोह कलेक्टर की जनसुनवाई में भी शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि शीघ्र नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

ग्रामीणों के अनुसार नीलेश यादव, मोहन ठाकुर, कंचेदी, भान सिंह यादव, जीवन सिंह, जाहर सिंह, किरतलाल, गजराज यादव, लखन सिंह यादव, बना अहीरवाल, ध्यान सिंह, हाले सिंह, राहुल सिंह, सीताराम, बलराम, होरीलाल, देवी सिंह, मनोहर सिंह, फागु सिंह, टेक सिंह, सुनील यादव, राजकुमार यादव, गंगाराम यादव, वीरेंद्र यादव सहित अन्य उपभोक्ताओं के बिजली बिल जमा हैं, इसके बावजूद गांव में बिजली व्यवस्था बहाल नहीं की गई है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग से तत्काल ट्रांसफार्मर बदलकर नियमित बिजली आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों

error: Content is protected !!