खेल मैदान और अस्पताल का रास्ता बंद, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार, आंदोलन की चेतावनी

तेंदूखेड़ा (दमोह)। ग्राम झलोन में संचालित शराब दुकान को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि शराब दुकान संचालित होने के बाद खेल मैदान एवं अस्पताल जाने वाले दो प्रमुख रास्तों को जेसीबी मशीन से खुदाई कर बंद कर दिया गया है, जिससे आम लोगों, खिलाड़ियों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को जनसुनवाई में शराब दुकान के नियमों के विरुद्ध संचालन की शिकायत की गई थी। इसके अगले ही दिन 22 जुलाई को जिस भवन में शराब दुकान संचालित हो रही है, उसके मालिक द्वारा कथित रूप से दोनों रास्तों पर गड्ढे खुदवाकर आवागमन बंद कर दिया गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रास्ता बंद करने का उद्देश्य निरीक्षण टीम को लंबा वैकल्पिक मार्ग दिखाकर शराब दुकान की दूरी 300 मीटर से अधिक प्रदर्शित करना है, जबकि वास्तविक रूप से चौराहा और अस्पताल शराब दुकान से लगभग 40 से 50 मीटर की दूरी पर स्थित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खेल मैदान का रास्ता बंद होने से युवाओं की खेल गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि शराब दुकान को नियमानुसार अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए तथा खेल मैदान और अस्पताल का बंद किया गया रास्ता तत्काल पुनः चालू कराया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर रास्ता नहीं खोला गया और उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
