बारिश में छाता लगाकर करना पड़ा अंतिम संस्कार, तेंदूखेड़ा में मुक्तिधाम के अभाव ने खोली विकास की पोल

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा (दमोह)। नगर परिषद तेंदूखेड़ा के वार्ड क्रमांक 13, 14 एवं 15 में वर्षों से मुक्तिधाम (शांतिधाम) का निर्माण नहीं होने से लोगों को अंतिम संस्कार जैसी संवेदनशील प्रक्रिया भी भारी परेशानियों के बीच करनी पड़ रही है।

हाल ही में ग्राम चोराई निवासी 45 वर्षीय रामेश्वर बेन की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। परिजनों और ग्रामीणों को उनका अंतिम संस्कार खुले स्थान पर करना पड़ा। अंतिम संस्कार के दौरान तेज बारिश होने से लोगों को करीब पांच घंटे तक छाता लगाकर खड़ा रहना पड़ा। वहीं भीगी लकड़ियों के कारण चिता जलाने के लिए डीजल और पेट्रोल का सहारा लेना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि जिन लोगों के पास निजी कृषि भूमि है, वे अपने खेतों में अंतिम संस्कार कर लेते हैं, लेकिन जिनके पास जमीन नहीं है, उन्हें सड़क किनारे या खाली पड़ी भूमि पर दाह संस्कार करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार मुक्तिधाम निर्माण की मांग को लेकर कई बार नगर परिषद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आवेदन व ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मुक्तिधाम का निर्माण कराए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी परिवार को ऐसी पीड़ादायक स्थिति का सामना न करना पड़े।

अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) सी. जी. गोस्वामी ने बताया कि मामला गंभीर है। उन्होंने नगर परिषद के सीएमओ से चर्चा की है। सीएमओ के अनुसार शांतिधाम निर्माण की निविदा जारी हो चुकी है और 20 से 25 दिनों में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि भूमि की कोई समस्या नहीं है, केवल अतिक्रमण है, जिसे हटाने के लिए आरआई और पटवारी की टीम गठित कर दी गई है।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों

error: Content is protected !!