तेंदूखेड़ा वन परिक्षेत्र के ट्रैप कैमरों में कैद हुए तेंदुए और तीन शावक, बढ़ रही है वन्यजीवों की संख्या

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा। तेंदूखेड़ा वन परिक्षेत्र में लगाए गए ट्रैप कैमरों में लगातार तेंदुओं की मौजूदगी दर्ज हो रही है। हाल ही में दरौली-तारादेही बीट में एक तेंदुआ अपने तीन शावकों के साथ कैमरे में कैद हुआ है। इससे क्षेत्र में तेंदुओं की बढ़ती संख्या और सुरक्षित प्राकृतिक आवास का संकेत मिल रहा है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी श्रेयांस जैन ने बताया कि वन विभाग द्वारा वन्यजीवों की सुरक्षा एवं उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए रेंज के विभिन्न स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों में समय-समय पर विभिन्न वन्यजीवों की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड होते रहते हैं। कुछ दिन पहले सेलबाड़ा बीट में भी रात्रि के समय एक तेंदुआ ट्रैप कैमरे में दिखाई दिया था, जबकि अब दरौली-तारादेही बीट में एक मादा तेंदुआ अपने तीन शावकों के साथ कैमरे में कैद हुई है।

उन्होंने बताया कि तेंदूखेड़ा वन परिक्षेत्र की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां तेंदुओं सहित अन्य वन्यजीवों के लिए अनुकूल हैं, जिसके कारण यहां उनकी संख्या में धीरे-धीरे वृद्धि हो रही है। वन विभाग आधुनिक तकनीक के माध्यम से इन वन्यजीवों की सतत निगरानी कर रहा है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी श्रेयांस जैन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे रात के समय जंगलों की ओर अकेले जाने से बचें तथा जंगल से लगे खेतों की सुरक्षा के लिए बिजली का करंट न लगाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी वन्यजीव की करंट लगने से मृत्यु होती है, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग का मानना है कि तेंदूखेड़ा रेंज में वन्यजीवों की बढ़ती संख्या इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र का प्राकृतिक पर्यावरण उनके संरक्षण के लिए अनुकूल बना हुआ है।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

error: Content is protected !!