तेंदूखेड़ा में ऑटो चालक को हार्ट अटैक, उपचार के दौरान हुई मौत

तेंदूखेड़ा। तेंदूखेड़ा में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां जबलपुर जिले के एक ऑटो चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
मृतक की पहचान कैलाश (35 वर्ष) निवासी ग्राम कंतोरा, पाटन तहसील, जिला जबलपुर के रूप में हुई है। वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। सोमवार को उसने रोझा से देवरी निजाम के लिए सवारी बुक की थी, लेकिन यह उसकी जिंदगी की अंतिम यात्रा साबित हुई।
ऑटो में सवार कडोरी प्रधान ने बताया कि उन्होंने रोझा से देवरी निजाम जाने के लिए ऑटो बुक किया था। दोपहर करीब 12:30 बजे वे रोझा से रवाना हुए और लगभग 2:30 बजे तेंदूखेड़ा पहुंचे। इसी दौरान तेज बारिश होने लगी, जिससे यात्रियों को भीगने से बचाने के लिए ऑटो बस स्टैंड के पास रोक दिया गया।

कडोरी प्रधान के अनुसार, कुछ देर बाद चालक कैलाश ने बताया कि उसे बहुत गर्मी लग रही है और तेज पसीना आ रहा है। देखते ही देखते उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसे तत्काल बस स्टैंड के पास स्थित एक निजी क्लिनिक ले जाया गया, लेकिन वहां उपचार नहीं हो सका। इसके बाद उसे तुरंत तेंदूखेड़ा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया गया कि अस्पताल पहुंचने तक कैलाश जीवित था। चिकित्सकों ने तत्काल ऑक्सीजन लगाकर उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक पंचनामा एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई पूरी की। वहीं मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक बरोनिया ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर ऑटो चालक की मृत्यु हार्ट अटैक आने से हुई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
