बिजली के पोल को छत के अंदर कर बनाया मकान, बड़े हादसे का खतरा; विभाग करेगा कार्रवाई

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा (दमोह)। नगर तेंदूखेड़ा के वार्ड क्रमांक 8 स्थित सरस्वती स्कूल के पास एक निर्माणाधीन मकान में बिजली सुरक्षा नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मकान निर्माण के दौरान लोहे के बिजली पोल को छज्जे और छत के भीतर ही ढाल दिया गया, जिससे भविष्य में गंभीर हादसे की आशंका पैदा हो गई है।

जानकारी के अनुसार सड़क किनारे पहले से बिजली लाइन और लोहे का खंभा लगा हुआ था। मकान निर्माण के दौरान छज्जा लगभग ढाई फीट आगे निकाल दिया गया, जिससे बिजली का खंभा निर्माण के बीच आ गया। बताया जा रहा है कि खंभे को हटाने के बजाय उसे सीमेंट-कंक्रीट के साथ छत के भीतर ही शामिल कर लिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली के इस लोहे के खंभे से आसपास के कई घरों को बिजली कनेक्शन दिए गए हैं। लाइन में विभिन्न स्थानों पर कट एवं जोड़ होने के कारण बरसात के मौसम में करंट रिसाव का खतरा बना रहता है। यदि किसी कारण से करंट लोहे के खंभे में प्रवाहित हुआ तो छत में लगी सरिया के माध्यम से पूरे मकान में करंट फैल सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि मकान बनने के बाद से अब तक बिजली विभाग ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। साथ ही छत के पास से गुजर रही बिजली लाइन की ऊंचाई भी काफी कम हो गई है, जिससे सुरक्षा जोखिम के साथ बिजली चोरी की संभावना भी बढ़ सकती है।

इस संबंध में बिजली विभाग के कर्मचारी सुधीर पटेरिया ने बताया कि यह निर्माण विद्युत सुरक्षा गाइडलाइन के विपरीत है। संबंधित मकान मालिक को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए तत्काल तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

error: Content is protected !!