एसबीआई कियोस्क संचालक पर लाखों की धोखाधड़ी का आरोप, कई ग्रामीणों ने थाने में दिए आवेदन

तेंदूखेड़ा (दमोह)। तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में संचालित एक एसबीआई (SBI) कियोस्क के संचालक पर खातों में जमा कराने के लिए ली गई नकदी जमा न करने का गंभीर आरोप लगा है। अलग-अलग गांवों के कई लोगों ने थाना तेंदूखेड़ा पहुंचकर लिखित शिकायत देते हुए आरोप लगाया है कि कियोस्क संचालक ने उनसे नकद राशि लेकर काउंटर स्लिप तो दे दी, लेकिन वह राशि उनके बैंक खातों में कभी जमा नहीं हुई।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, उन्होंने अलग-अलग तिथियों में अपने बैंक खातों में जमा कराने के लिए श्री रूपेश जैन, निवासी झालौन, को नकद राशि दी थी। बाद में बैंक में जानकारी लेने पर पता चला कि संबंधित राशि खातों में जमा ही नहीं हुई। आरोप है कि कई बार कियोस्क और बैंक के चक्कर लगाने के बावजूद न तो राशि वापस की गई और न ही खातों में जमा कराई गई।
शिकायत देने वालों में मिलन चक्रवर्ती (ग्राम मगदूपुरा), गुलशन चक्रवर्ती (ग्राम मगदूपुरा), रेखा रैकवार (ग्राम झालौन), बसोरी गोंड (ग्राम सासना खुर्द) तथा आसारानी गोंड (ग्राम सासना खुर्द) शामिल हैं। इन सभी ने थाना तेंदूखेड़ा में अलग-अलग आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आवेदनों में आरोप लगाया गया है कि संबंधित कियोस्क संचालक ने लाखों रुपये की राशि जमा कराने के नाम पर प्राप्त की, लेकिन खातों में जमा नहीं की। पीड़ितों ने अपनी रकम वापस दिलाने तथा आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायतें प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
