भगवती मानव कल्याण संगठन की सूचना पर पुलिस ने पकड़ी 19 पेटी अवैध शराब, तस्कर फरार

तेंदूखेड़ा। नशा विरोधी जन आंदोलन के तहत सक्रिय भगवती मानव कल्याण संगठन की सूचना पर तारादेही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब से भरी एक कार जब्त की है। हालांकि कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, भगवती मानव कल्याण संगठन के तारादेही सेक्टर के कार्यकर्ताओं ने शनिवार रात बम्होरी तिगड्डा क्षेत्र में एक संदिग्ध सफेद रंग की कार में अवैध शराब ले जाए जाने की सूचना तारादेही पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और हुंडई वरना कार क्रमांक MP 09 CE 2550 की तलाशी ली।
तारादेही थाना प्रभारी आलोक तिरपुड़े ने बताया कि वाहन से 19 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.24 लाख रुपये है। साथ ही लगभग 3 लाख रुपये कीमत की कार भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी तथा इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
