मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सागौन की 26 बल्लियां और 6 साइकिल जब्त

तेंदूखेड़ा। वन परिक्षेत्र तेंदूखेड़ा के हाथीडोल बीट में वन विभाग ने मुखबिर की सूचना पर देर रात कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाई जा रही सागौन की लकड़ी जब्त की। हालांकि वन कर्मियों को देखकर आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र तेंदूखेड़ा के अंतर्गत आने वाले जंगलों में बड़ी संख्या में सागौन के पेड़ हैं, जिन पर वन तस्करों की नजर बनी रहती है। वन विभाग लगातार गश्त एवं निगरानी कर अवैध कटाई पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में वन परिक्षेत्र अधिकारी श्रेयांस जैन को मंगलवार रात लगभग 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि हाथीडोल बीट क्षेत्र में कुछ लोग सागौन की लकड़ी साइकिलों से ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी श्रेयांस जैन वन कर्मियों बृजेश कोल, संदीप एवं अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे का लाभ उठाकर सभी आरोपी साइकिल और लकड़ी छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने मौके से 6 साइकिल एवं सागौन की लगभग 26 बल्लियां जब्त की हैं। जब्त सामग्री को कब्जे में लेकर वन विभाग द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
वन परिक्षेत्र अधिकारी श्रेयांस जैन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि यदि कहीं भी जंगलों में अवैध कटाई या लकड़ी तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर बहुमूल्य वन संपदा को बचाया जा सके।
