बच्चों की जान से खिलवाड़! क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन, जिम्मेदार बने मूकदर्शक

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा। नगर तेंदूखेड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रहे सड़क हादसों के बावजूद स्कूली बच्चों के परिवहन में नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। क्षमता से अधिक बच्चों को वाहनों में भरकर स्कूल ले जाया जा रहा है, जिससे हर दिन मासूमों की जान जोखिम में डाली जा रही है।

जानकारी के अनुसार नगर में कई निजी वाहन, ऑटो एवं ईको वैन स्कूली बच्चों के परिवहन में लगी हैं, लेकिन अधिकांश वाहन निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक बच्चों को बैठाकर संचालित किए जा रहे हैं। हाल ही में विद्यानगर क्षेत्र से लगभग 15 बच्चों को एक नई ईको वैन में बैठाकर 27 मील की ओर ले जाते हुए देखा गया। वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी, जो स्वयं मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सात और आठ सीटर वाहनों में 15 से अधिक बच्चों के साथ उनके भारी-भरकम स्कूल बैग भी रखे जाते हैं। ऐसी स्थिति में वाहन के भीतर खड़े होने तक की जगह नहीं बचती। अधिक भार होने से वाहन के अनियंत्रित होने और दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।

नियम क्या कहते हैं?
मोटर वाहन अधिनियम, 1988 तथा केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के अनुसार किसी भी वाहन में उसकी पंजीकृत क्षमता से अधिक सवारी बैठाना प्रतिबंधित है। बिना पंजीकरण या नंबर प्लेट के वाहन का सार्वजनिक सड़क पर संचालन भी नियमों के विरुद्ध है। स्कूल वाहनों में आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करना, चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना तथा वाहन का फिटनेस प्रमाणपत्र एवं आवश्यक दस्तावेज होना अनिवार्य है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदूखेड़ा में कई ऑटो ऐसे भी संचालित हो रहे हैं, जिनका चालक स्वयं नाबालिग बताया जाता है। यह स्थिति बच्चों की सुरक्षा के लिए बेहद चिंताजनक है।

नागरिकों ने पुलिस एवं परिवहन विभाग से मांग की है कि स्कूल समय के दौरान विशेष जांच अभियान चलाकर क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन करने वाले वाहनों, बिना नंबर प्लेट के वाहनों तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।

स्थानीय लोगों ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को ऐसे वाहनों में सफर करने से रोकें और यह सुनिश्चित करें कि उनके बच्चे सुरक्षित एवं नियमों के अनुरूप संचालित वाहन से ही स्कूल जाएं।

तेंदुखेड़ा थाना प्रभारी सरोज ठाकुर ने बताया है कि कल चेकिंग ओर कार्यवाहो दोनो होगी अभी मुझे आये हुए चार ही दिन हुए

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों

error: Content is protected !!