बिलों में पानी भरने से बाहर निकल रहे जहरीले जीव-जंतु, सतर्क रहें; वन्य जीवों को नुकसान न पहुंचाएं: वन परिक्षेत्र अधिकारी श्रेयांस जैन

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा। क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। वहीं जंगलों में रहने वाले वन्य जीव-जंतु भी सुरक्षित स्थानों की तलाश में अपने बिलों से बाहर निकल रहे हैं। ऐसे में वन विभाग ने आमजन से विशेष सावधानी बरतने और वन्य जीवों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी श्रेयांस जैन ने बताया कि लगातार वर्षा के कारण सांप, गोह (गुहेरा), बिच्छू सहित कई जहरीले एवं अन्य वन्य जीवों के बिलों में पानी भर गया है। इसके चलते ये जीव सड़कों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर निकल रहे हैं। उन्होंने लोगों से जंगलों एवं वन मार्गों पर वाहन धीमी गति से चलाने का अनुरोध किया है, ताकि सड़क पार कर रहे वन्य जीव दुर्घटना का शिकार न हों।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर किसी वन्य जीव को नुकसान पहुंचाता है या उसकी हत्या करता है, तो उसके विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग ने विशेष रूप से उन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है जो लकड़ी बीनने, मवेशी चराने या मॉर्निंग एवं ईवनिंग वॉक के लिए जंगलों की ओर जाते हैं। ऐसे लोगों से कहा गया है कि वे मजबूत जूते पहनकर जाएं और आसपास का ध्यान रखते हुए ही जंगल में प्रवेश करें।

वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि हाल ही में नाग बाबा मंदिर और बम्होरी आईटीआई के बीच एक गोह और एक अन्य वन्य जीव सड़क पार करते समय किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मृत पाए गए हैं। संबंधित वाहन की तलाश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि वन विभाग समय-समय पर आमजन की सुरक्षा और वन्य जीव संरक्षण के लिए चेतावनी एवं जागरूकता संदेश जारी करता है। इनका पालन करना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही न केवल वन्य जीवों के लिए घातक हो सकती है, बल्कि लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों