जनसुनवाई में जनता की आवाज पर तुरंत कार्रवाई, मंत्री धर्मेन्द्रभाव सिंह लोधी का तेजगढ़वासियों ने जताया आभार

तेजगढ़। लगभग तीन वर्षों से खुले में एवं रिहायशी बस्ती के बीच संचालित मटन, चिकन और मछली की दुकानों से परेशान तेजगढ़ की जनता को आखिरकार राहत मिलने की उम्मीद जगी है। शनिवार को आयोजित जनसुनवाई में क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्या सीधे मध्यप्रदेश शासन के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेन्द्रभाव सिंह लोधी के समक्ष रखी।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि बस्ती के बीच संचालित इन दुकानों के कारण लंबे समय से दुर्गंध, गंदगी और असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में पिछले लगभग तीन वर्षों में कई बार विभिन्न अधिकारियों एवं विभागों को आवेदन दिए गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
शनिवार को मंत्री धर्मेन्द्रभाव सिंह लोधी के निवास पर आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में बड़ी संख्या में तेजगढ़ के नागरिक पहुंचे और अपनी समस्या से अवगत कराया। शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए मंत्री ने मौके पर ही संबंधित सक्षम अधिकारियों को सार्वजनिक क्षेत्र एवं रिहायशी बस्ती के बीच संचालित मटन, चिकन एवं मछली की दुकानों को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए।
मंत्री के त्वरित एवं सकारात्मक निर्णय से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने इसे जनभावनाओं का सम्मान बताते हुए मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। नागरिकों का कहना है कि उनकी संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय से शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
गौरतलब है कि मंत्री धर्मेन्द्रभाव सिंह लोधी प्रत्येक शनिवार अपने निवास पर जनसुनवाई आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याएं सुनते हैं और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हैं। तेजगढ़ की जनता ने मंत्री के इस जनहितैषी प्रयास की सराहना करते हुए उनके प्रति हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
