तहसील परिसर में महिला और वकील के बीच हाथापाई, दोनों पक्षों ने थाने में दिया आवेदन

0
Spread the love

तेंदूखेड़ा। नगर के तहसील परिसर में मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे एक महिला और अधिवक्ता के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने तेंदूखेड़ा थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, तेंदूखेड़ा निवासी मीना साहू, पति स्वर्गीय शरद साहू, का न्यायालय में एक प्रकरण विचाराधीन है। महिला का आरोप है कि वह आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बिना अधिवक्ता के स्वयं अपना पक्ष रख रही है। मंगलवार को उसी मामले की पेशी के दौरान विपक्ष के अधिवक्ता बी.के चौबे से उसकी बातचीत हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई।

महिला का आरोप है कि न्यायालय कक्ष में तहसीलदार के सामने अधिवक्ता ने उससे अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बाहर आने पर उसका हाथ पकड़कर खींचा, जिससे दोनों के बीच हाथापाई हो गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद महिला ने डायल-112 को सूचना दी और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

वहीं, अधिवक्ता बी.के. चौबे ने भी महिला के विरुद्ध शिकायत आवेदन देकर अपने साथ अभद्रता और विवाद करने का आरोप लगाया तथा निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में तहसीलदार विवेक व्यास ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच न्यायालय परिसर में कहासुनी हुई थी, जो बाद में बाहर भी जारी रही। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आवेदन प्राप्त हो गए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

हो सकता है आप चूक गए हों

error: Content is protected !!